महिला आक्रोश से गूंजा भोपाल: CM डॉ. मोहन का तीखा हमला, बोले—हक कुचलने वालों को कब्र से निकालकर देंगे सजा

जन-आक्रोश महिला पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, विपक्ष पर साधा निशाना, विशेष सत्र बुलाने का ऐलान
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने के विरोध में राजधानी भोपाल में आयोजित जन-आक्रोश महिला पदयात्रा में जबरदस्त जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि बहनों के अधिकार कुचलने वालों को “कब्र से निकालकर सजा दी जाएगी।” उन्होंने साफ किया कि इस मुद्दे पर सरकार पूरी तरह महिलाओं के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम में हजारों महिलाओं की मौजूदगी के बीच सीएम ने कहा कि यह आक्रोश महिलाओं के हक का है और इसे देशभर तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर विपक्ष ने अपनी मानसिकता उजागर कर दी है।
CM डॉ. मोहन के बयान के प्रमुख बिंदु—
- “बहनों के अधिकार कुचलने वालों को सजा दी जाएगी”
- विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव लाने का ऐलान
- “देश की आधी आबादी के साथ हुआ अन्याय”
- महिलाओं से आक्रोश को बनाए रखने की अपील
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि देश में महिलाओं के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष हुआ है। उन्होंने राजा राम मोहन राय, ज्योतिबा फुले, डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
आंदोलन को मिलेगा विस्तार—
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल राजनीतिक नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार का विषय था। उन्होंने इसे विपक्ष की संवेदनहीनता करार दिया और कहा कि इस आक्रोश को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
कुछ ऐसा रहा माहौल—
राजधानी की सड़कों पर महिलाओं का आक्रोश साफ नजर आया। बड़ी संख्या में महिलाएं पोस्टर और नारे लेकर पदयात्रा में शामिल हुईं। मंच से गीत और कविताओं के जरिए भी महिलाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं पदयात्रा में शामिल हुए और महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।
पूरे आयोजन ने साफ कर दिया कि महिला आरक्षण का मुद्दा अब सियासत के केंद्र में आ चुका है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीति और तेज होने वाली है।




