रायपुर संभाग

CM साय का जांजगीर-चांपा दौरा, राजधानी में BJP की जन-आक्रोश रैली, कांग्रेस की प्रेसवार्ता आज

अक्ती तिहार का आयोजन भी आज, कई अहम कार्यक्रमों से भरा रहेगा दिन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 4 बजे रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचेंगे और शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित जन-आक्रोश महिला पदयात्रा में शामिल होंगे, जो इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकाली जाएगी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सीएम हाउस लौटेंगे और शाम 7 बजे रायपुर से स्टेट प्लेन के जरिए बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। वहां से जांजगीर-चांपा स्थित आनंदम निधिवन रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर रात 9:40 बजे पुनः रायपुर लौटेंगे।

राजधानी रायपुर में आज भाजपा द्वारा जन-आक्रोश रैली का आयोजन किया जाएगा, जो दोपहर 3 बजे इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर सुभाष स्टेडियम में सम्मेलन के साथ समाप्त होगी। इस रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल होंगे।

वहीं नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस आज प्रदेशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी। सभी जिलों में प्रेसवार्ता होगी, जबकि रायपुर में जिला कांग्रेस भवन में दोपहर 12:30 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

इधर कृषि और खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी न्यू सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वैश्विक परिस्थितियों के बीच छत्तीसगढ़ में ईंधन और खाद की आपूर्ति की स्थिति की जानकारी देंगे। इस दौरान प्रमुख सचिव शहला निगार और संचालक डॉ. फरिहा आलम सिद्दीकी के साथ IOCL, BPCL, HPCL और GAIL के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे और सप्लाई तथा स्टॉक की स्थिति पर चर्चा करेंगे।

चर्चित जग्गी हत्याकांड मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है, जिसमें दोषी ठहराए गए अमित जोगी की याचिका पर निर्णय आ सकता है। इस सुनवाई में तय होगा कि उन्हें राहत मिलेगी या जेल जाना होगा। इससे पहले छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

इसके अलावा रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अक्ती तिहार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के पास स्थित प्रक्षेत्र में होगा, जिसमें कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!