गर्मी का रेड अलर्ट: राजनांदगांव 45° पार, रायपुर में झुलसा रही लू

छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, IMD की चेतावनी, दोपहर में घरों में रहने की सलाह
रायपुर/भोपाल ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में ही तापमान 44-45 डिग्री के पार पहुंचने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने लू (हीट वेव) को लेकर सख्त चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
छत्तीसगढ़ में गर्मी का सबसे ज्यादा असर राजनांदगांव में देखने को मिला, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में भी पारा 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं, जिससे दिन के साथ रातें भी गर्म हो गई हैं और लोगों को राहत नहीं मिल रही।
छत्तीसगढ़ में हालात—
- राजनांदगांव 45°C के साथ सबसे गर्म
- रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में लू जैसे हालात
- दिन के साथ रात में भी गर्म हवाएं, बढ़ी उमस
- कलेक्टरों को पेयजल और बचाव के इंतजाम के निर्देश
मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदला है। महीने की शुरुआत में ओलावृष्टि के बाद अब लू का प्रकोप बढ़ गया है। रतलाम में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में भी पारा 40 से 42 डिग्री के बीच बना हुआ है।
मध्य प्रदेश में स्थिति—
- रतलाम 44°C के साथ सबसे गर्म
- उज्जैन, रतलाम और छतरपुर में लू का ज्यादा असर
- कई शहरों में तापमान 40°C के पार
- 20 अप्रैल को हल्की बारिश से राहत की संभावना
दक्षिण भारत में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है। केरल में लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष “हीट वेव क्लीनिक” शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों को त्वरित उपचार मिल सके।
मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा राहत के आसार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




