किम जोंग का मिसाइल शो: 19 दिन में चौथा टेस्ट , जापान-दक्षिण कोरिया हाई अलर्ट पर

समुद्र की ओर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, क्षेत्र में बढ़ा तनाव , पड़ोसियों मे घबराहट !
सियोल/टोक्यो ( एजेंसी ) // एक ओर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अब उत्तर कोरिया ने भी हालात को और गंभीर बना दिया है। तानाशाह किम जोंग उन की सेना ने रविवार सुबह समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दाग दीं, जिससे जापान और दक्षिण कोरिया में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह इस साल का सातवां और अप्रैल महीने का चौथा मिसाइल परीक्षण है। महज 19 दिनों के भीतर चौथी बार मिसाइल दागे जाने से उत्तर कोरिया की आक्रामकता साफ नजर आ रही है, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मिसाइल परीक्षण से जुड़े अहम तथ्य—
- सुबह करीब 6 बजे मिसाइलें दागी गईं
- लॉन्चिंग उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय शहर सिनपो से हुई
- मिसाइलें जापान की समुद्री सीमा (EEZ) के बाहर गिरीं
- इस साल अब तक 7वां और अप्रैल में 4था टेस्ट
मिसाइल लॉन्च की खबर मिलते ही जापान और दक्षिण कोरिया ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। जापान सरकार ने तत्काल इमरजेंसी बैठक बुलाकर सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। वहीं दक्षिण कोरिया की सेना ने भी घटना की पुष्टि करते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
घटना के बाद जापान, अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है। तीनों देश मिलकर मिसाइलों की क्षमता और उत्तर कोरिया के इरादों का आकलन कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र के कड़े प्रतिबंधों के बावजूद उत्तर कोरिया लगातार मिसाइल परीक्षण कर रहा है। किम जोंग उन इसे आत्मरक्षा का हिस्सा बताते हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इसे गंभीर खतरे के रूप में देख रहा है।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने भी हाल ही में चेतावनी दी है कि उत्तर कोरिया की परमाणु क्षमता पहले से कहीं अधिक बढ़ चुकी है। किम जोंग उन पहले ही अपने देश को ‘परमाणु शक्ति’ घोषित कर चुके हैं, जिससे आने वाले समय में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।



