Blog

बड़ा हादसा: टूरिस्ट वैन खाई में गिरने से 9 की मौत

कोयंबटूर के वालपराई हिल रोड पर हादसा, पीएम मोदी ने जताया शोक

कोयंबटूर ( शिखर दर्शन ) // तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां केरल से आए पर्यटकों से भरी वैन खाई में गिर गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार यह हादसा वालपराई के पहाड़ी इलाके में वेलपराई-पोल्लाची हिल रोड के एक खतरनाक मोड़ पर हुआ। बताया जा रहा है कि केरल के मलप्पुरम जिले से आए पर्यटक वैन में सवार होकर घूमने निकले थे और लौटते समय वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वैन गहरी खाई में जा गिरी।

इस यात्रा में कुल 16 लोग शामिल थे, जिनमें एक स्कूल के शिक्षक और उनके परिजन भी शामिल थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में ज्यादातर महिलाएं हैं, जबकि चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत पोल्लाची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। खाई से शवों को बाहर निकाला गया और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना 13वें हेयरपिन मोड़ पर हुई, जहां चालक वाहन का संतुलन नहीं बना सका।

घटना पर नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं पिनाराई विजयन ने भी इस त्रासदी पर शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन का नियंत्रण कैसे बिगड़ा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!