AI से खड़ी हुई 17,000 करोड़ की कंपनी, सिर्फ दो लोग संभाल रहे पूरा बिजनेस

लॉस एंजिल्स के मैथ्यू गैलाघर ने 18 लाख से शुरू किया स्टार्टअप, टेलीहेल्थ सेक्टर में मचाई धूम
बिजनेस डेस्क (शिखर दर्शन) //
अमेरिका के Los Angeles में रहने वाले 41 वर्षीय Matthew Gallagher ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एक ऐसी कंपनी खड़ी कर दी, जिसकी वैल्यू आज करीब 17,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि इस कंपनी को सिर्फ दो लोग मिलकर चला रहे हैं।
‘Medley’ नाम का यह टेलीहेल्थ स्टार्टअप महज ₹18 लाख के शुरुआती निवेश से शुरू हुआ और कुछ ही महीनों में तेजी से बढ़कर चर्चा में आ गया। कंपनी ऑनलाइन वजन घटाने से जुड़ी दवाओं की बिक्री और कंसल्टेशन की सुविधा देती है।
मैथ्यू गैलाघर और उनके भाई इलियट इस कंपनी को संभाल रहे हैं। उन्होंने सॉफ्टवेयर कोडिंग, वेबसाइट कंटेंट, विज्ञापन और यहां तक कि कस्टमर सर्विस के लिए भी AI टूल्स का इस्तेमाल किया है।
दवाओं की डिलीवरी और मेडिकल कंसल्टेशन के लिए कंपनी ने CareValidate और OpenLoop जैसे प्लेटफॉर्म के साथ साझेदारी की है, जबकि मार्केटिंग और कस्टमर जोड़ने का काम AI के जरिए किया जा रहा है।
सितंबर 2024 में शुरू हुई इस कंपनी ने पहले ही साल में करीब 3,700 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की। हालांकि, कंपनी को U.S. Food and Drug Administration (FDA) की ओर से भ्रामक विज्ञापनों को लेकर चेतावनी भी मिल चुकी है, और कैलिफोर्निया में एंटी-स्पैम कानून उल्लंघन को लेकर मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
मैथ्यू का कहना है कि वह फिलहाल कंपनी में और लोगों को जोड़ने के पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि इससे लागत बढ़ेगी और फैसले लेने में देरी होगी। उन्होंने मजाक में कहा कि कभी-कभी अकेलापन जरूर महसूस होता है।
गौरतलब है कि Sam Altman ने 2024 में भविष्यवाणी की थी कि आने वाले समय में एक व्यक्ति भी अरबों डॉलर की कंपनी खड़ी कर सकता है—और अब यह भविष्यवाणी सच होती नजर आ रही है।



