पड़ोसन ने उड़ाई पड़ोसन की चेन… सूना था घर , चाबी का ठिकाना भी था मालूम , 38 हजार की सोने की चेन बरामद , आरोपी महिला गिरफ्तार !
अयोध्या यात्रा पर गया था परिवार, अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपी चाबी से खोला लॉकर; पूछताछ में चोरी कबूलने का दावा

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सरकंडा थाना क्षेत्र में सूने मकान से सोने की चेन चोरी के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला को मकान के सूने रहने और चाबी छिपाने की जगह की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने घर में प्रवेश किया और सोने की चेन चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 38 हजार रुपये कीमत की चोरी गई चेन बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
अयोध्या यात्रा से पहले लॉकर में रखे थे जेवर
पुलिस के अनुसार विजयापुरम कॉलोनी निवासी चंचल संतवानी ने सरकंडा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी मां अयोध्या यात्रा पर जाने से पहले घर के कीमती जेवर लॉकर में रखकर गई थीं। लॉकर की चाबी अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाई गई थी।
29 सितंबर को अलमारी की जांच करने पर जेवर का बॉक्स खाली मिला। पुलिस के मुताबिक अज्ञात आरोपी घर का ताला और अलमारी का लॉकर खोलकर सोने की चेन चोरी कर ले गया था।
मामले में पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
आसपास पूछताछ के बाद पड़ोस की महिला पर शक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
विवेचना के दौरान पड़ोस में रहने वाली कामनी बरानी संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने महिला अधिकारी की मौजूदगी में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
चाबी कहां छिपी थी, इसकी जानकारी होने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने कथित तौर पर बताया कि पड़ोस में रहने के कारण उसे मकान के सूने रहने और चाबी छिपाने की जगह की जानकारी थी।
पुलिस का कहना है कि इसी जानकारी का फायदा उठाकर महिला ने मकान में प्रवेश किया और सोने की चेन चोरी कर ली।
38 हजार की सोने की चेन बरामद
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी गई सोने की चेन बरामद कर ली। बरामद चेन की कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी कामनी बरानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।


