छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बूंदाबांदी के आसार; जानें अगले 3 दिन का हाल
रायपुर में शाम-रात गरज-चमक के साथ बौछार की संभावना, मुंगेली और बलरामपुर में हुई हल्की बारिश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं शाम होते-होते कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हुई। शाम के समय आसमान में बादल छाने से मौसम में थोड़ी राहत आई। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को रायपुर में शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसी तरह की मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
राजनांदगांव में 35.5 डिग्री पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। हालांकि मुंगेली और बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मानसून की विदाई के बीच बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर आगे बढ़ रही है।
इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।



