भस्म आरती में लीन दिखीं ईशा कोप्पिकर और हरलीन देओल, भगवान महाकाल के दरबार में टेकाया माथा
करीब दो घंटे नंदी हॉल में बैठकर आरती के दर्शन किए, हाथ जोड़कर किया महाकाल का जाप

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को फिल्म अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर और भारतीय महिला क्रिकेटर हरलीन देओल ने भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए। दोनों करीब सुबह 4 बजे मंदिर पहुंचीं और भस्म आरती के दौरान पूरी श्रद्धा के साथ भगवान महाकाल की आराधना करती नजर आईं।
ईशा कोप्पिकर और हरलीन देओल ने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के दौरान दोनों हाथ जोड़कर भगवान महाकाल को नमन करती नजर आईं और महाकाल का जाप किया।
आरती के बाद अर्पित किया जल
भस्म आरती संपन्न होने के बाद दोनों ने महाकाल की देहरी से भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुजारियों के माध्यम से भगवान महाकाल को जल अर्पित किया।
मंदिर समिति ने किया सम्मान
दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर और भारतीय महिला क्रिकेटर हरलीन देओल का सम्मान किया गया। दोनों ने मंदिर की धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।


