रायपुर संभाग

सिंगापुर से छत्तीसगढ़ लौटे CM साय, 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्तावों का किया दावा; ऊर्जा क्षेत्र में सबसे बड़ा प्रस्ताव

एनर्जी कैपिटल ग्लोबल से 41,750 करोड़, सोलर सेक्टर में 1,500 करोड़ और एग्री बिजनेस में 350 करोड़ के प्रस्ताव

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //  तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे से लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में बड़े निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सिंगापुर में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों के दौरान प्रदेश में करीब 43,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार इन प्रस्तावों और समझौतों को धरातल पर उतारने के लिए काम करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर थे। रायपुर लौटने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 में शामिल होकर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और राज्य की औद्योगिक क्षमता को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों से चर्चा हुई और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। उनके अनुसार प्रस्तावित निवेश से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

ऊर्जा क्षेत्र में 41,750 करोड़ रुपये का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से 41,750 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है। इसके अलावा एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल ने करीब 350 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है।

सोलर सेक्टर में सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिलने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। कंपनी बैटरी स्टोरेज और इससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी।

IT एजुकेशन सर्विस के साथ हुआ MOU

मुख्यमंत्री ने बताया कि IT एजुकेशन सर्विस के साथ भी समझौता हुआ है। उन्होंने संस्था के IT परिसर का दौरा किया और वहां संचालित कौशल विकास मॉडल की जानकारी ली।

साय ने कहा कि राज्य सरकार निवेश से जुड़े MOU पूरी जांच-परख के बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इन समझौतों और निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारा जाए, ताकि इनका लाभ प्रदेश की जनता को मिल सके।

सेवा ज्योति कार्यक्रम पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे और जिला मुख्यालयों पर उनके संबोधन को सुना जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपना समर्थन और आशीर्वाद व्यक्त किया था। सेवा ज्योति के माध्यम से सेवा के उस संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!