MP Weather: मानसून लौटने के बाद भी पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर, 16 जिलों में गरज-चमक के आसार; 10 अक्टूबर से कमजोर होगा सिस्टम
जबलपुर-रीवा संभाग में अगले दो दिन बारिश की संभावना, भोपाल-इंदौर समेत पश्चिमी MP में दिन में धूप और रात में बढ़ेगी ठंडक

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम का एक सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 अक्टूबर को भी पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जबकि 10 अक्टूबर से मौसम प्रणाली कमजोर पड़ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है।
अगले 24 घंटे के दौरान जबलपुर, शहडोल, सतना, सिंगरौली, सीधी, मैहर, मऊगंज, छतरपुर, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, रीवा, पन्ना, बालाघाट और मंडला में बारिश के आसार हैं।
8 और 9 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 अक्टूबर को भी पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 10 अक्टूबर से सक्रिय मौसम प्रणाली कमजोर होने की संभावना है।
बारिश के बावजूद पश्चिमी मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज अलग रहेगा। यहां दिन में तेज धूप निकलने और रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंडक बढ़ने की संभावना है।
इंदौर में रात सबसे ठंडी, ग्वालियर में पारा 37 के पार
पश्चिमी हिस्से में रात के तापमान में गिरावट का असर देखने को मिल रहा है। इंदौर में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 18 डिग्री, छिंदवाड़ा में 18.2 डिग्री, शाजापुर में 18.3 डिग्री और अमरकंटक-करौंदी में न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं ग्वालियर में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में आने वाले दिनों में दिन में गर्मी और रात में ठंडक का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।



