रायपुर संभाग

सीएम साय आज राजस्व और उच्च शिक्षा विभाग की लेंगे समीक्षा बैठक, कश्मीर से लौटेंगे छत्तीसगढ़ के 30 नागरिक, इंद्रावती नदी में जल संकट के खिलाफ कांग्रेस शुरू करेगी पदयात्रा

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित विभिन्न स्थानों पर आज का दिन कई अहम आयोजनों और घटनाओं से भरा रहेगा। एक ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का व्यस्त कार्यक्रम है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस द्वारा जल संकट को लेकर पदयात्रा शुरू की जा रही है। राजधानी में अंडर-9 और अंडर-13 शतरंज स्पर्धा, कला प्रदर्शनी, संगीत शिविर और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों की भी धूम रहेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज रायपुर दौरा
सीएम विष्णुदेव साय आज रायपुर के पंडरी स्थित स्वर प्रतिष्ठान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे मुख्यमंत्री निवास में राजस्व और उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे, जिसमें संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

कश्मीर से लौट रहे छत्तीसगढ़ के 30 नागरिक
राज्य सरकार की सतत कोशिशों के चलते आज कश्मीर में फंसे छत्तीसगढ़ के 30 नागरिक सुबह 8 बजे उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस के माध्यम से अपने घर लौट रहे हैं। इससे पहले भी दो परिवारों के 8 सदस्य सुरक्षित वापसी कर चुके हैं।

जल संकट के खिलाफ कांग्रेस की पदयात्रा आज से
इंद्रावती नदी में जल संकट को लेकर कांग्रेस आज से पदयात्रा की शुरुआत कर रही है। यह यात्रा चित्रकोट से प्रारंभ होकर जगदलपुर तक जाएगी। इसका नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज कर रहे हैं। यात्रा के तीसरे दिन जगदलपुर कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।

जिला स्तरीय अंडर-9 व अंडर-13 शतरंज चयन स्पर्धा का शुभारंभ
रायपुर जिला शतरंज संघ व चेस शाला के तत्वावधान में अंडर-9 और अंडर-13 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए दो दिवसीय चयन स्पर्धा रिवर डेल वर्ल्ड स्कूल में शुरू हो रही है। इसमें चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय स्पर्धा (बेमेतरा) में भाग लेंगे।

महिलाओं पर आधारित 100वीं अंतर्नाद राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी आज से
महाकौशल कला परिषद द्वारा आयोजित 100वीं ‘जुगलबंदी’ अंतर्नाद राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी – 2025 का उद्घाटन आज शाम 6 बजे महाकौशल कला वीथिका में होगा। इस प्रदर्शनी में महिलाओं पर हो रही हिंसा, छेड़छाड़, भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील विषयों पर आधारित कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ कलाकार सुमनेश वत्स करेंगे।

शहर में आज के अन्य प्रमुख आयोजन

  • श्रीशिव महापुराण कथा: रामलीला चौक, खम्हारडीह-शंकरनगर में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक कथावाचक हलधर नाथ योगी द्वारा।
  • कैरम स्पर्धा: महाराष्ट्र मंडल की खेल समिति द्वारा अंतर संस्था कैरम स्पर्धा, चौबे कॉलोनी में।
  • नाद निरंजनम उत्सव: परफॉर्मिंग आर्ट्स की नेशनल लेवल स्पर्धा, शहीद स्मारक भवन में सुबह 11:30 से रात 8:30 बजे तक।
  • ग्रीष्मकालीन संगीत शिविर: श्री बालाजी विद्या मंदिर, देवेंद्र नगर में बच्चों के लिए संगीत प्रशिक्षण कार्यक्रम।
  • समर कैंप: नंदनवन जू एंड सफारी, नवा रायपुर और महाराष्ट्र मंडल संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में बच्चों के लिए शिविर।
  • जेसीआई रायपुर कैपिटल का पारिवारिक कार्यक्रम कल: खैरागढ़ स्थित मनोहर गौशाला में आयोजित होगा, जिसमें गौसेवा व विभिन्न पारिवारिक गतिविधियों का आयोजन रहेगा।

छत्तीसगढ़ आज कला, संस्कृति, शिक्षा और जनसरोकारों से जुड़े आयोजनों के माध्यम से जीवंतता की मिसाल पेश कर रहा है

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!