बाबा महाकाल के दरबार में क्रिकेट सितारों की दस्तक, ईशांत शर्मा समेत कई खिलाड़ियों ने संध्या आरती में किए दर्शन

दिल्ली क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों ने लिया बाबा महाकाल का आशीर्वाद, मंदिर प्रबंध समिति की व्यवस्थाओं की ईशांत शर्मा ने की सराहना
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार शाम भारतीय क्रिकेट जगत की जानी-मानी हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिला। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा समेत दिल्ली क्रिकेट से जुड़े कई खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल की संध्या आरती में शामिल होकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। क्रिकेट सितारों की मंदिर में मौजूदगी ने श्रद्धालुओं के बीच भी उत्सुकता बढ़ा दी।
ईशांत शर्मा ने की मंदिर प्रबंधन की सराहना
बाबा महाकाल के दर्शन और संध्या आरती में शामिल होने के बाद क्रिकेटर ईशांत शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकाल मंदिर आकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की भी सराहना की।
इन क्रिकेटरों ने भी किए बाबा महाकाल के दर्शन
ईशांत शर्मा के साथ प्रियांश आर्य, विजय दहिया, दिग्वेश राठी, सुयश शर्मा, मयंक रावत, यश धुल, अनुज रावत, केशव दबास और मयंक यादव ने भी भगवान श्री महाकालेश्वर की संध्याकालीन आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट
इस अवसर पर उज्जैन कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने क्रिकेट खिलाड़ियों से शिष्टाचार भेंट की।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाड़िया ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत और सत्कार किया।
बाबा महाकाल के दरबार में क्रिकेट सितारों की यह उपस्थिति एक बार फिर उज्जैन की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान के साथ देशभर की जानी-मानी हस्तियों की आस्था को दर्शाती है।



