मध्यप्रदेश

रजत मुकुट, मुंडमाल और चंद्र-सूर्य के अलौकिक श्रृंगार में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में गूंजे जयकारे

कार्तिक शुक्ल पंचमी पर ब्रह्ममुहूर्त में खुले महाकालेश्वर मंदिर के पट, भस्म अर्पण के बाद निराकार से साकार स्वरूप में हुए बाबा के दिव्य दर्शन

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार, 14 नवंबर को भगवान महाकाल की भस्म आरती भक्ति और श्रद्धा के विशेष वातावरण में संपन्न हुई। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर तड़के 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बाबा महाकाल का अभिषेक-पूजन कर मनोहारी श्रृंगार किया गया। रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, चंद्र और सूर्य के अलंकरण से सजे भगवान के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

पंचामृत अभिषेक के बाद हुआ दिव्य श्रृंगार

मंदिर के पट खुलने के पश्चात पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में विराजमान देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक कर बाबा का विधिवत पूजन किया गया। इसके पश्चात भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से भगवान का मनोहारी श्रृंगार किया गया।

भस्म अर्पण के बाद निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन

भस्म आरती की परंपरा के अनुसार भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच बाबा का ध्यान और कपूर आरती संपन्न हुई। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई।

भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पमालाएं अर्पित की गईं। विविध आभूषणों से सुसज्जित बाबा का अलौकिक स्वरूप भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

नंदी महाराज के कान में भक्तों ने मांगी मनोकामना

सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कान में अपनी मनोकामनाएं निवेदित कीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालु भगवान की आराधना में लीन नजर आए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!