चक्रवात ‘अर्नब’ के खतरे के बीच बड़ा फैसला, बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में 29 अक्टूबर को छुट्टी घोषित

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन का आदेश, सरकारी और निजी प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूलों तक रहेगा अवकाश; विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी में बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान के प्रभाव और अति वर्षा की संभावना जताई गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचने में संभावित कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्राथमिक से हायर सेकेंडरी तक सभी स्कूलों में अवकाश
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 29 अक्टूबर, गुरुवार को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय बंद रहेंगे। यह आदेश विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।
कलेक्टर के अनुमोदन से जारी हुआ आदेश
आदेश में उल्लेख है कि यह निर्णय कलेक्टर के अनुमोदन से लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर की ओर से जारी निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों को किसी भी संभावित जोखिम से बचाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
जिले के अभिभावकों और विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे विद्यालयों से संबंधित आधिकारिक सूचना पर ध्यान दें और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।



