Blog

सुगंधित पुष्पों से सजे बाबा महाकाल; भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार, 16 नवंबर को भगवान महाकाल की भस्म आरती विधि-विधान और विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। तड़के सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा महाकाल के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह दिखाई दिया। इस अवसर पर भगवान के मस्तक पर त्रिपुंड और चंद्र सजाया गया तथा सुगंधित पुष्पों एवं आभूषणों से दिव्य अलंकरण किया गया।

मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके पश्चात भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक कर बाबा का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद भांग, चंदन और आभूषणों से भगवान का मनोहारी श्रृंगार किया गया।

मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई भस्म आरती

भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम जल अर्पित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और पूजन हुआ। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर परंपरानुसार भस्म अर्पित की गई। इसके पश्चात भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं।

मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल अपने निराकार स्वरूप से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। बाबा के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

जयकारों से गूंज उठा महाकाल मंदिर परिसर

सोमवार तड़के आयोजित भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कानों में अपनी मनोकामनाएं निवेदित कीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गुंजायमान रहा।

भक्तों ने बाबा के दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!