सिरगिट्टी के स्कूली बच्चों को मिलेगी बड़ी राहत, विधायक धरमलाल कौशिक की पहल पर बनेगा शेड और नाली-नाला

13 करोड़ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाद सिरगिट्टी को एक और सौगात, स्कूल में बारिश और जलभराव की समस्या दूर करने निर्माण कार्यों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बारिश शुरू होते ही सिरगिट्टी हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ जाती थीं। स्कूल परिसर में शेड नहीं होने के कारण बच्चों को बारिश के बीच प्रार्थना सभा में शामिल होना पड़ता था। वहीं, परिसर से होकर गुजरने वाले नाले और समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी स्कूल में भर जाता था। स्थिति यह बन जाती थी कि विद्यार्थियों और शिक्षकों को गंदे पानी से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ता था। अब इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक की पहल पर स्कूल परिसर में शेड निर्माण के साथ अलग से नाली और नाले का निर्माण कराया जाएगा। इन विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है।
13 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात के बाद सिरगिट्टी को मिली यह एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। विधायक कौशिक ने स्कूल की बुनियादी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके स्थायी समाधान की दिशा में पहल की है। निर्माण कार्य पूरे होने के बाद विद्यार्थियों को बारिश में भीगकर प्रार्थना करने और जलभराव के बीच से गुजरकर कक्षाओं तक पहुंचने की परेशानी से राहत मिलेगी।
विकास समिति की अध्यक्ष ने विधायक के सामने उठाया था मुद्दा
दरअसल, कुछ दिनों पहले सिरगिट्टी उत्तर माध्यमिक शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री मनोज दुबे ने विधायक धरमलाल कौशिक से मुलाकात कर स्कूल की समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि परिसर में शेड नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को भीगना पड़ता है। इसके अलावा स्कूल परिसर से होकर क्षेत्र का नाला गुजरता है। समुचित जल निकासी नहीं होने से बारिश का पानी परिसर में जमा हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नाले का गंदा पानी बनता था विद्यार्थियों की परेशानी
स्कूल परिसर में जलभराव के कारण विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं तक पहुंचना भी चुनौती बन जाता था। जमा गंदे पानी से होकर बच्चों को गुजरना पड़ता था। यही स्थिति शिक्षकों और स्कूल के अन्य कर्मचारियों के सामने भी आती थी। बारिश के दिनों में जलभराव से न केवल आवागमन प्रभावित होता था, बल्कि स्कूल का सामान्य कामकाज और शैक्षणिक गतिविधियां भी बाधित होने की आशंका बनी रहती थी।
विधायक की पहल पर प्रशासन ने बढ़ाई कार्रवाई
स्कूल विकास समिति की अध्यक्ष गायत्री मनोज दुबे द्वारा समस्या से अवगत कराए जाने के बाद विधायक धरमलाल कौशिक ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने जिला प्रशासन को स्कूल की समस्याओं से अवगत कराते हुए इनके निराकरण के निर्देश दिए। इसके बाद विद्यार्थियों की जरूरतों और परिसर की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शेड निर्माण तथा जल निकासी के लिए अलग से नाली और नाले के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अब इन कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।
शेड से सुरक्षित होगी प्रार्थना सभा, जल निकासी से मिलेगी राहत
प्रस्तावित निर्माण कार्यों के तहत स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शेड बनाया जाएगा। इससे बारिश के दौरान प्रार्थना सभा और अन्य सामूहिक गतिविधियों के समय बच्चों को भीगने की समस्या नहीं होगी। वहीं, नाली और नाले का अलग से निर्माण होने पर बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित हो सकेगी। इससे परिसर में जलभराव की समस्या दूर करने और विद्यार्थियों को गंदे पानी से होकर गुजरने की परेशानी से बचाने में मदद मिलेगी।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाद शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं पर जोर
बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के सिरगिट्टी में 13 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाद अब स्कूल की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में हुई पहल को क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा संस्थानों में विद्यार्थियों की रोजमर्रा की परेशानियों को दूर करने की कोशिश से स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
स्कूल में शेड और जल निकासी के लिए नाली-नाले के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में विद्यार्थियों को जिन परेशानियों का सामना करना पड़ता था, उनका स्थायी समाधान जरूरी था। निर्माण कार्य पूरे होने से बच्चों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए विधायक धरमलाल कौशिक के प्रति आभार व्यक्त किया है।



