बिलासपुर संभाग

ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंचा ‘राजू’ हाथी, पालतू होने की कहानी पर वन विभाग को संदेह

रायगढ़ ( शिखर दर्शन ) // ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में पहुंचे एक हाथी को लेकर ग्रामीणों के बीच कौतूहल बना हुआ है। ‘राजू’ नाम से पहचाने जा रहे इस दंतैल हाथी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। ग्रामीण उसे केले और अन्य खाद्य सामग्री खिला रहे हैं। हाथी के पालतू होने और उसके महावत के ओडिशा की जेल में बंद होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, ओडिशा वन विभाग ने हाथी के पालतू होने की बात से इनकार किया है।

जिले में पहले से ही हाथियों की बढ़ती संख्या और उनकी गतिविधियों के कारण वन विभाग की चुनौतियां बढ़ी हुई हैं। ऐसे में एक और हाथी के छत्तीसगढ़ की सीमा में पहुंचने के बाद विभाग उसकी वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुट गया है। इसके लिए ओडिशा वन विभाग के अधिकारियों से जानकारी मांगी गई है।

महावत के जेल में होने की चर्चा, ओडिशा विभाग ने बताया जंगली हाथी

एसडीओ फॉरेस्ट आशुतोष मांडवा के मुताबिक, वन विभाग को कल शाम जानकारी मिली कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा पर एक दंतैल नर हाथी घूम रहा है। प्रारंभिक जानकारी में ओडिशा के अधिकारियों ने बताया कि हाथी काफी उम्रदराज है और लंबे समय से अकेले विचरण कर रहा है।

शुरुआत में यह जानकारी सामने आई थी कि हाथी पालतू है और उसका महावत जेल में बंद है। हालांकि, ओडिशा के वन अधिकारियों ने इस दावे को खारिज करते हुए उसे जंगली हाथी बताया है। फिलहाल हाथी की वास्तविक स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है।

स्थिति स्पष्ट होने के बाद तय होगी निगरानी की रणनीति

वन विभाग के अनुसार, हाथी के जंगली या पालतू होने की पुष्टि होने के बाद ही उसकी निगरानी और ट्रैकिंग की पद्धति तय की जाएगी। फिलहाल विभाग उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है और ओडिशा के अधिकारियों से समन्वय कर रहा है।

इस बीच ग्रामीणों का हाथी के करीब पहुंचकर उसे केला और अन्य खाद्य सामग्री खिलाना जोखिम भरा हो सकता है। हाथी की प्रकृति और व्यवहार स्पष्ट होने तक लोगों को उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!