पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, मध्य प्रदेश में बढ़ी ठिठुरन; करौंदी 6.1 डिग्री के साथ सबसे ठंडा, भोपाल में शीतलहर का अलर्ट

भोपाल। ( शिखर दर्शन ) // पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ ही न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। कटनी जिले का करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दमोह में पारा 6.6 डिग्री और राजधानी भोपाल में 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
भोपाल में लगातार पांचवें दिन शीतलहर का अलर्ट
प्रदेश की राजधानी भोपाल में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने यहां लगातार पांचवें दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दमोह, कटनी और शाजापुर में भी ठंडी हवाओं के चलते सर्दी का असर तेज बना हुआ है। प्रदेश के 32 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
अगले पांच दिनों में दो डिग्री तक और गिर सकता है तापमान
मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने का अनुमान जताया है। यदि तापमान में यह गिरावट जारी रहती है तो प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। फिलहाल लोगों को आने वाले दिनों में सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम है।



