रायपुर संभाग

CM विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी आएंगे रायपुर; छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन भी आज

रायपुर। ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज शनिवार को राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी कई अहम गतिविधियां होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे, वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। इसके अलावा राजधानी में छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के स्कूलों में आज से महतारी भाखा सम्मान सप्ताह की भी शुरुआत होगी।

जशपुर में विकास कार्यों की सौगात देंगे मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:10 बजे रायपुर हेलीपैड से जशपुर के लिए रवाना होंगे। यहां वे सोलर ऑन ग्रिड पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे और सोहरई करम महोत्सव में शामिल होंगे। इसके साथ ही ग्राम जोकारी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।

छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर होगा राज्यस्तरीय समारोह

राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में आज छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अवसर पर साहित्यकारों की 14 पुस्तकों का विमोचन होगा, जबकि पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।

रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव, जीतन राम मांझी होंगे शामिल

राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आज राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी शामिल होंगे और इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के नए कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा।

स्कूलों में आज से महतारी भाखा सम्मान सप्ताह

प्रदेशभर के स्कूलों में 28 नवंबर से 5 दिसंबर तक महतारी भाखा सम्मान सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ी और स्थानीय बोलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों के लिए निबंध, भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताएं होंगी। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!