रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी कार्रवाई: रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर छापेमारी, अपर कलेक्टर के घर भी पहुंची टीम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी की है। ED की अलग-अलग टीमें सुबह से ही विभिन्न ठिकानों पर जांच में जुटी हैं। कार्रवाई किन मामलों से जुड़ी है, इसे लेकर जांच एजेंसी की ओर से अब तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ED की टीम ने जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेन्द्र सिंह के आवास पर दबिश दी है। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की पड़ताल कर रही है। वहीं, दुर्ग-भिलाई में एक चर्चित होटल कारोबारी के घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की कार्रवाई जारी है।

धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह के आवास पर दबिश

धमतरी में ED की टीम ने अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के रुद्री स्थित सरकारी आवास पर भी छापा मारा है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई चर्चित शराब घोटाला मामले से जुड़ी जांच के सिलसिले में की जा रही है। इंदिरा सिंह के पति नवीन सिंह तोमर पहले ही इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं। ED की टीम आवास पर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

महादेव सट्टा मामले में दिल्ली तक पहुंची जांच

इधर, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED ने दिल्ली में भी कारोबारी और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दायरे में लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकाने शामिल बताए जा रहे हैं। जांच के दायरे में पिता-पुत्र से जुड़ी नौ कंपनियां भी हैं।

बताया जाता है कि राहुल मक्कर ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई भव्य शादी में कैटरिंग का काम किया था। ED को आशंका है कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये इन लोगों तक पहुंचाए गए और इस रकम का निवेश दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में किया गया।

सट्टे की रकम के लेन-देन की पड़ताल

जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि महादेव सट्टा कारोबार से अर्जित रकम किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से आगे भेजी गई और उसका इस्तेमाल किन कारोबारों में किया गया। बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

फिलहाल छत्तीसगढ़ और दिल्ली में चल रही इन छापेमारी की कार्रवाइयों को लेकर ED की ओर से आधिकारिक विस्तृत बयान का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के पीछे के तथ्यों और वित्तीय लेन-देन की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!