छत्तीसगढ़ मंत्रालय में प्रशासनिक फेरबदल, तीन उप सचिवों के विभाग बदले

सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश, मार्टिन लकड़ा और रोमन कुमार गंगाकचूर को नई जिम्मेदारी; क्लेमेंटीना लकड़ा को मिला अतिरिक्त प्रभार
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ शासन ने मंत्रालय स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तीन उप सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 25 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग में पदस्थ उप सचिव मार्टिन लकड़ा को पशुधन विकास एवं मछली पालन विभाग में पदस्थ किया गया है। वहीं, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में पदस्थ उप सचिव रोमन कुमार गंगाकचूर को धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में सामान्य प्रशासन विभाग के कक्ष क्रमांक-4 में पदस्थ उप सचिव क्लेमेंटीना लकड़ा को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

यह आदेश नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय से सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव मनराखन भुआर्य के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद मंत्रालय के तीन विभागों में उप सचिव स्तर पर जिम्मेदारियों का पुनर्निर्धारण किया गया है।


