रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री साय का कोंडागांव दौरा आज, दीपक बैज बेमेतरा में करेंगे चुनावी मंथन; महादेव घाट पर पुन्नी मेले की तैयारियां तेज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोंडागांव जिले के धनोरा में आयोजित कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे और विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बेमेतरा जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। दूसरी ओर भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी राजधानी में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया भी चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंच रहे हैं। इधर, कार्तिक पूर्णिमा को लेकर महादेव घाट पर ऐतिहासिक पुन्नी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

धनोरा में कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को कोंडागांव जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे जशपुर से दोपहर 12 बजे रायपुर लौटेंगे। इसके बाद कोंडागांव जिले के धनोरा के लिए रवाना होंगे। यहां मुख्यमंत्री राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती के अवसर पर आयोजित कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर 3:35 बजे धनोरा से रायपुर पहुंचेंगे। शाम 4:45 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास लौट जाएंगे।

रायपुर में भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष के कई कार्यक्रम

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे डॉ. हेमांग जोशी सोमवार को राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रायपुर एयरपोर्ट पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

अपने प्रवास के दौरान डॉ. जोशी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से संवाद करेंगे और अग्रसेन भवन में युवतियों से मुलाकात करेंगे। वे रावतपुरा विश्वविद्यालय में आयोजित युवा जोहार कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यहां नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ नक्सल मुक्त बस्तर के विषय पर विशेष चर्चा करेंगे।

बेमेतरा में नगरीय चुनाव को लेकर बैठक लेंगे दीपक बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सोमवार को बेमेतरा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे नगर पंचायत मारो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा होगी। करीब दो घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श करने के बाद दीपक बैज दोपहर 3 बजे वहां से रवाना होंगे।

चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे प्रवीण तोगड़िया

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया 23 नवंबर से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास की शुरुआत वे रायपुर से करेंगे। सोमवार को रायपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक लेकर हाल ही में शुरू की गई हिंदू हेल्पलाइन और हनुमान चालीसा केंद्रों की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

इसके बाद दोपहर में प्रेस वार्ता करेंगे और रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। रायगढ़ एवं अंबिकापुर के दौरे के बाद वे पुनः रायपुर लौटेंगे। यहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

कार्तिक पूर्णिमा पर महादेव घाट में सजेगा ऐतिहासिक पुन्नी मेला

राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित खारुन नदी के तट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय पुन्नी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेला स्थल पर दुकानें सजने लगी हैं। मान्यता है कि यहां करीब 200 वर्षों से पुन्नी मेले का आयोजन होता आ रहा है।

कार्तिक पूर्णिमा पर रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खारुन नदी में पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए गंगरेल बांध से नदी में पानी छोड़ा गया है। वहीं मेला स्थल पर पेयजल व्यवस्था के लिए पांच पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!