मस्तक पर वैष्णव तिलक, रजत मुकुट और पुष्पों से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार, 23 नवंबर को कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर भगवान महाकाल की भव्य भस्म आरती संपन्न हुई। तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा महाकाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी। इस अवसर पर भगवान का मस्तक वैष्णव तिलक से सुशोभित किया गया और मनमोहक श्रृंगार किया गया।
पंचामृत अभिषेक के बाद हुआ दिव्य श्रृंगार
मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक पूजन संपन्न हुआ। भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से बाबा का दिव्य श्रृंगार किया गया।
भस्म अर्पण के बाद साकार स्वरूप में दर्शन
भस्म आरती की परंपरा के अनुसार भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान किया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म अर्पित की गई।
इसके पश्चात भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। विभिन्न आभूषणों से बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
जयकारों से गूंज उठा महाकाल मंदिर

सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कानों में अपनी मनोकामनाएं कहकर आशीर्वाद मांगा। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल और हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।


