मध्यप्रदेश

भांग, चंद्र-बिल्व पत्र और रजत आभूषणों से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

कार्तिक शुक्ल द्वादशी पर तड़के चार बजे खुले मंदिर के पट, दिव्य स्वरूप में भक्तों को दिए दर्शन

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार, 21 नवंबर को कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर भगवान महाकाल की भस्म आरती विधि-विधान और विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा महाकाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान भगवान का भांग, चंदन और आकर्षक आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया।

मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात भगवान का भांग और चंदन से श्रृंगार किया गया तथा विभिन्न आभूषणों से बाबा का मनोहारी स्वरूप सजाया गया।

भस्म आरती की परंपरा के अनुसार भस्म अर्पित करने से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और पूजन हुआ। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढंककर विधिपूर्वक भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं।

धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। यही वजह है कि महाकाल की भस्म आरती को देखने और इसमें शामिल होने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।

शनिवार को भी भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!