Blog

मां और दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका

बलौदाबाजार के सुकली गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गई जान, महिला पर बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी सेवन करने का संदेह; पुलिस जांच में जुटी

बलौदाबाजार ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के सुकली गांव में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका है कि महिला ने पहले दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और इसके बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उनके बेटे चिराग दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक ही परिवार के तीन सदस्य घर में अचेत अवस्था में पड़े हैं।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने बच्चों के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, इस आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सुकली गांव में शोक का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!