मध्यप्रदेश

बारात में नोट लूटने की होड़ के बीच 37 वर्षीय आसिफ की मौत, धक्का-मुक्की या हार्ट अटैक ? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इंदौर ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के इंदौर में शादी समारोह की बारात के दौरान 37 वर्षीय आसिफ अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बारात में 500-500 रुपये के नोट उड़ाए जाने की चर्चा थी। इसी दौरान आसिफ की तबीयत बिगड़ी और वे गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौत की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि नोट लूटने की होड़ में हुई धक्का-मुक्की के बीच आसिफ भीड़ में दब गए, जबकि कुछ लोग तेज डीजे की आवाज के बीच हार्ट अटैक आने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, अभी तक मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे आसिफ

घटना 14 नवंबर की है। इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में पटेल समाज के एक शादी समारोह के दौरान बड़ी बारात निकाली गई थी। बताया जा रहा है कि बारात में 500-500 रुपये के नोट उड़ाए जा रहे थे। इसी चर्चा के बीच आसिफ अंसारी भी वहां पहुंचे थे। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने और गिरने की सूचना मिली।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

आसिफ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, उन्हें फोन पर सूचना मिली कि आसिफ बारात में गिर गए हैं और उन्हें पटेल हॉस्पिटल ले जाया गया है। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर चुके थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। एक दावा है कि नोट लूटने की होड़ में भीड़ के बीच धक्का-मुक्की हुई और आसिफ दब गए। वहीं, तेज डीजे साउंड के दौरान हार्ट अटैक आने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आसिफ की मौत भीड़ में दबने से हुई, हृदयाघात से या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!