दिल्ली

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अकवान’ का खतरा : 20 नवंबर को आंध्र-ओडिशा तट से टकराएगा, 110 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा असर, 20 और 21 नवंबर को बारिश का अलर्ट; ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी तबाही की आशंका

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, तूफान 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच नरसापुर से पुरी के आसपास, गोपालपुर के पूर्व में टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और इनके झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह 5:30 बजे चक्रवात बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में केंद्रित था। यह पिछले छह घंटों में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में आगे बढ़ा। उस समय इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के नरसापुर से लगभग 440 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 530 किलोमीटर दक्षिण में था।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का खतरा

चक्रवात के प्रभाव से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा भी हो सकती है। ओडिशा के उत्तरी हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

समुद्र में स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है। तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ ऊंची समुद्री लहरें उठने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश का असर

चक्रवात का प्रभाव तटीय राज्यों तक सीमित नहीं रहने वाला है। मौसम विभाग के 19 नवंबर के बुलेटिन के अनुसार, इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

इसके अलावा तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी विदर्भ में भी बारिश का अनुमान है। तेलंगाना के पूर्वी हिस्सों में 20 नवंबर को तथा झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में क्रमशः 20-21 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

तटीय इलाकों में बाढ़ और नुकसान की आशंका

मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापट्टनम तथा ओडिशा के गंजाम और पुरी जिलों के निचले इलाकों में समुद्री जलभराव की चेतावनी दी है। तूफान के तट से टकराने के दौरान समुद्र में उठने वाला जलस्तर सामान्य ज्वार से 0.5 से 1 मीटर तक ऊपर जा सकता है।

तेज हवाओं से कच्चे मकानों, झोपड़ियों, बिजली और संचार व्यवस्था, पेड़ों तथा खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन को राहत एवं बचाव की तैयारियां रखने और संवेदनशील इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की सलाह दी गई है।

20 नवंबर को तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ सकता है तूफान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को तट से टकराने के बाद चक्रवात की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी। 20 नवंबर की शाम तक इसके कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदलने और 21 नवंबर की सुबह तक झारखंड की ओर बढ़ते हुए कम दबाव के सुस्पष्ट क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। हालांकि, इसके कमजोर पड़ने के बाद भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!