दिल्ली

राहुल गांधी ने पहली बार किया गर्लफ्रेंड का जिक्र, बोले- उसे उसी रेस्टोरेंट में ले गया जहां मिले थे माता-पिता

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने पहली बार सार्वजनिक मंच से अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र करते हुए बताया कि जब वे कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर रहे थे, तब अपनी गर्लफ्रेंड को एक ऐसे रेस्टोरेंट में लेकर गए थे, जहां उनके माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे। राहुल ने बताया कि वे उस जगह को देखना चाहते थे, जहां से उनके माता-पिता की प्रेम कहानी शुरू हुई थी। इस किस्से के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में रेस्टोरेंट के खाने का अनुभव भी साझा किया।

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में सुनाया दिलचस्प किस्सा

यह पूरा वाकया सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम के दौरान सामने आया। राहुल गांधी ने बताया कि कई साल बाद जब वे कैम्ब्रिज पहुंचे, तो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वहां स्थित वर्सिटी रेस्टोरेंट गए और उसी जगह बैठकर खाना खाया, जहां उनके माता-पिता की पहली मुलाकात हुई थी।

राहुल ने बताया कि जब वेटर मेन्यू लेकर आया, तो उन्होंने उसे बताया कि उनके माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे। इस पर वेटर ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि वह उन दोनों को जानता है। राहुल के मुताबिक, वेटर ने उनके माता-पिता को पहचानने की बात कही और बताया कि उसे अच्छी तरह मालूम है कि वे किन लोगों की बात कर रहे हैं।

प्यार में पड़ना है तो इस रेस्टोरेंट में जाइए, लेकिन चिकन चैसर मत खाइए

राहुल गांधी ने इस किस्से को हल्के-फुल्के अंदाज में आगे बढ़ाते हुए बताया कि जब उन्होंने वेटर से खाने की अच्छी डिश के बारे में पूछा, तो उसने उन्हें ‘चिकन चैसर’ खाने की सलाह दी। हालांकि, राहुल को यह व्यंजन बिल्कुल पसंद नहीं आया।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्टोरेंट जरूर जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चैसर बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि शायद उन्हें वह खाना शानदार लगा होगा, लेकिन उनका अपना अनुभव अच्छा नहीं रहा।

अब गर्लफ्रेंड नहीं, दोस्त हैं : राहुल गांधी

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी से जब पूछा गया कि जिस गर्लफ्रेंड के साथ वे उस रेस्टोरेंट में गए थे, वह अब कहां हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि अब वे दोनों दोस्त हैं। उनके इस जवाब के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हल्का-फुल्का माहौल बन गया।

कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी की किताब से जुड़ा यह आयोजन उनके लिए बेहद खास रहा और इस दौरान बचपन से लेकर अब तक की कई पुरानी यादें ताजा हो गईं।

राहुल गांधी का यह किस्सा राजनीतिक चर्चाओं से अलग उनकी निजी जिंदगी का एक दिलचस्प और हल्का-फुल्का पहलू सामने लाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!