विदिशा में दुष्कर्म की घटना पर गरजे जीतू पटवारी, पीड़ित परिवार से मिलकर सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर उठाए सवाल
विदिशा ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के विदिशा में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने परिवार से घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
मंगलवार को विदिशा पहुंचे जीतू पटवारी ने सबसे पहले पीड़ित बालिका के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार की पीड़ा सुनी और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है तथा उसे न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पटवारी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चियों के साथ इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं। प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि आखिर ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मामले में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी गंभीर घटनाओं में कार्रवाई केवल आश्वासनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
विदिशा की इस घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस ने इसे महिला सुरक्षा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा बनाते हुए सरकार से जवाब मांगा है। वहीं पीड़ित परिवार को न्याय मिलने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने का इंतजार है।



