छत्तीसगढ़ में आज से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय आंदोलन, काली साड़ी पहनकर मनाएंगी काला दिवस; नियमितीकरण और 30 हजार मानदेय की मांग

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। प्रदेशभर में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता अलग-अलग तरीकों से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगी। आंदोलन के तहत कहीं नुक्कड़ नाटक होंगे तो कहीं थाली-चम्मच बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। वहीं, अंतिम दिन काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया जाएगा।
तीन दिन तीन तरीके से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को तीन चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत आज 17 नवंबर को पहले दिन नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी समस्याओं और मांगों को सार्वजनिक रूप से उठाया जाएगा।
18 नवंबर को दूसरे दिन थाली और चम्मच बजाकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, 19 नवंबर को तीसरे दिन सभी कार्यकर्ता काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाएंगी। आंदोलन के जरिए कार्यकर्ता अपनी लंबित मांगों पर सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग कर रही हैं।
नियमितीकरण, सरकारी कर्मचारी का दर्जा और 30 हजार रुपये मानदेय की मांग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की प्रमुख मांग उन्हें नियमित कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देने की है। इसके अलावा मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जा रही है।

कार्यकर्ताओं की अन्य मांगों में 5G मोबाइल फोन उपलब्ध कराना, इंटरनेट भत्ते को बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करना और पात्र कार्यकर्ताओं को पदोन्नति का लाभ देना शामिल है। उनका कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं का संचालन किया जाता है, लेकिन इसके अनुरूप सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पा रही है।
दिसंबर में महापड़ाव, मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं ने साफ किया है कि तीन दिवसीय प्रदर्शन के बाद भी यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके तहत 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय स्तर पर महापड़ाव आयोजित करने की चेतावनी दी गई है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया है कि महापड़ाव के बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में आंगनबाड़ी सेवाओं पर भी आंदोलन का असर पड़ने की आशंका है।



