दिल्ली

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ का विमोचन, इंदिरा गांधी के गुस्से से लेकर राहुल के नामकरण तक के अनकहे किस्से किए साझा

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का औपचारिक विमोचन हो गया है। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। किताब के विमोचन के दौरान सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, परिवार और भारत से भावनात्मक जुड़ाव से जुड़े कई ऐसे अनुभव साझा किए, जो अब तक सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा नहीं रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके परिवार को लेकर वर्षों से कई तरह की बातें लिखी और कही जाती रही हैं, जिनमें से बहुत-सी वास्तविकता से परे हैं। इसी वजह से उन्होंने अपनी जिंदगी की कहानी अपने नजरिए से सामने रखने का फैसला किया।

इंदिरा गांधी के गुस्से से डरती थीं सोनिया, पिता के स्वभाव से की तुलना

किताब के विमोचन के दौरान सोनिया गांधी ने अपनी सास और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ बिताए शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी का गुस्सा देखकर उन्हें अपने पिता की याद आती थी, क्योंकि उनके पिता भी बेहद सख्त स्वभाव के थे। सोनिया ने स्वीकार किया कि शुरुआत में उन्हें इंदिरा गांधी को ‘मां’ कहने में भी झिझक होती थी। हालांकि, राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद दोनों के रिश्तों में काफी आत्मीयता आ गई और इंदिरा गांधी के व्यवहार में भी बदलाव देखने को मिला।

राहुल गांधी के नामकरण को लेकर भी सुनाया दिलचस्प किस्सा

सोनिया गांधी ने बेटे राहुल के नामकरण से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें भारतीय नामकरण परंपराओं की ज्यादा जानकारी नहीं थी। इंदिरा गांधी बच्चे के नामकरण के लिए पंडित को बुलाना चाहती थीं, लेकिन सोनिया के मन में सवाल था कि बच्चे का नाम रखने के लिए पंडित की क्या जरूरत है। इस प्रसंग के जरिए उन्होंने भारतीय पारिवारिक और सांस्कृतिक परंपराओं से अपने शुरुआती परिचय को याद किया।

अपनी याददाश्त के सहारे लिखी जिंदगी की कहानी

सोनिया गांधी ने बताया कि उन्हें डायरी लिखने की आदत कभी नहीं रही। ऐसे में किताब में शामिल घटनाएं और संस्मरण उनकी अपनी यादों पर आधारित हैं। ‘Belonging: A Journey of Love’ में इटली में बिताए बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात, विवाह, भारत आगमन और गांधी परिवार का हिस्सा बनने तक के सफर को समेटा गया है।

किताब का शीर्षक भारत की संस्कृति, यहां के लोगों और देश के साथ सोनिया गांधी के धीरे-धीरे विकसित हुए भावनात्मक रिश्ते को दर्शाता है। इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने अपने जीवन के उन अनुभवों को सामने रखने की कोशिश की है, जिन्हें वह अब तक अपने तक सीमित रखती आई थीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!