बिलासपुर संभाग

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में स्थापित हुई धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया अनावरण

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में स्थापित इस प्रतिमा के अनावरण अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक संघर्ष एवं बलिदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनका साहस, संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी प्रतिमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा जनजातीय नायकों के अदम्य साहस, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आने वाली पीढ़ियों को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है।

जनजातीय वीथिका में देखी वीर नायकों की गौरवगाथा

मुख्यमंत्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया। यहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, उनके संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान से जुड़ी जानकारियों का अवलोकन कर उन्होंने इसकी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय वीर नायकों का साहस और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। जनजातीय वीथिका के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों के इतिहास, संस्कृति और योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। ऐसे प्रयास समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और खुशहाली एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!