Blog

मुख्यमंत्री साय आज जशपुर और बिलासपुर दौरे पर, बिरसा मुंडा की प्रतिमा का करेंगे अनावरण; भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक भी आज से

कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा, छठ महापर्व का होगा समापन; उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती करेंगे पारण

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को जशपुर और बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे छठ महापर्व के आयोजन में शामिल होने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। वहीं बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण और राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल होंगे। दूसरी ओर भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज से रायपुर में शुरू होगी, जिसमें प्रदेशभर की 500 से अधिक महिला नेत्रियां जुटेंगी। इसके अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत भी आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे।

जशपुर और बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को जशपुर जिले के कुनकुरी में छठ महापर्व के आयोजन में शामिल होंगे। इसके बाद वे बिलासपुर पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और राष्ट्रीय संगोष्ठी में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री सेंदरी में धान उपार्जन केंद्र और निर्माणाधीन सीबीसी प्लांट का निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। वहीं पुराना बस स्टैंड में मल्टीलेवल पार्किंग और डेटा सेंटर का लोकार्पण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज से

भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक सोमवार, 16 नवंबर से रायपुर के जैमन मानस भवन में शुरू होगी। बैठक में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी सहित प्रदेशभर से 500 से अधिक महिला नेत्रियां शामिल होंगी।

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव भी मौजूद रहकर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। बैठक का समापन 17 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में होगा।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत का तीन दिवसीय दौरा

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सोमवार से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा 16 से 18 नवंबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान वे सरगुजा संभाग पहुंचकर कोयला खदानों से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।

दौरे में परसा, केते बासन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित लोगों के साथ संवाद किया जाएगा। इसके अलावा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बूथ स्तर पर जन-चौपाल आयोजित की जाएगी। इस दौरान आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

छठ महापर्व का समापन आज, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा पारण

देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी सोमवार को छठ महापर्व का समापन होगा। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद व्रती महिलाएं और पुरुष उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण करेंगे।

राजधानी रायपुर में महादेव घाट, व्यास तालाब सहित 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन किए गए हैं। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठी मैया की पूजा और कठिन व्रत की परंपरा पूर्ण होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!