श्री महाकाल भस्म आरती: रजत त्रिनेत्र, चंद्र और बिल्व पत्र से सजे बाबा महाकाल, दिव्य स्वरूप में दिए दर्शन

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार, 15 नवंबर को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर तड़के चार बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके साथ ही भगवान महाकाल की भस्म आरती की दिव्य परंपरा का निर्वहन किया गया। इस दौरान बाबा महाकाल का रजत त्रिनेत्र, चंद्र और बिल्व पत्र सहित विभिन्न आभूषणों एवं पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। भस्म आरती में शामिल श्रद्धालु बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भावविभोर हो उठे।
मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके पश्चात भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक-पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद बाबा महाकाल का भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया।
भस्म अर्पण से पूर्व प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और पूजन हुआ। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर विधि-विधान के साथ भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। विभिन्न आभूषणों से सुसज्जित बाबा महाकाल का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
भस्म आरती के बाद साकार स्वरूप में दर्शन की मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। यही वजह है कि महाकाल की भस्म आरती को अत्यंत विशेष और पुण्यदायी माना जाता है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु इस अलौकिक आरती में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंचते हैं।
रविवार सुबह भस्म आरती के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कानों में अपनी मनोकामनाएं कहकर उनके पूर्ण होने की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। श्रद्धा, भक्ति और आस्था के इस अद्भुत वातावरण में श्रद्धालु जय श्री महाकाल के उद्घोष के साथ भावविभोर नजर आए।



