जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य में सुधार से मिली राहत

95 वर्ष से अधिक उम्र की इंदिरा भादुड़ी का भोपाल के निजी अस्पताल में चल रहा उपचार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन की सास और अभिनेत्री एवं राज्यसभा सांसद जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 95 वर्ष से अधिक उम्र की इंदिरा भादुड़ी का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि उनकी सेहत में फिलहाल सुधार बताया जा रहा है।
उम्र संबंधी परेशानियों के बीच डॉक्टरों की निगरानी में उपचार
जानकारी के मुताबिक, इंदिरा भादुड़ी को एलर्जी से जुड़ी समस्या भी है, जो समय-समय पर परेशानी का कारण बनती है। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।
ताजा जानकारी के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। हालांकि, अस्पताल से छुट्टी मिलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। चिकित्सक उनकी सेहत और मेडिकल रिपोर्ट का आकलन करने के बाद ही डिस्चार्ज को लेकर फैसला लेंगे।
भोपाल के श्यामला हिल्स इलाके में है निवास
इंदिरा भादुड़ी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित अंसल अपार्टमेंट में रहती हैं। इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आई थी। उस समय उनकी बेटी जया बच्चन और नाती अभिषेक बच्चन उनका हालचाल जानने भोपाल पहुंचे थे।
पत्रकार और लेखक थे पति तरुण कुमार भादुड़ी
इंदिरा भादुड़ी के पति दिवंगत तरुण कुमार भादुड़ी जाने-माने पत्रकार और लेखक थे। जया बच्चन उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी हैं। इसी पारिवारिक रिश्ते के कारण बच्चन परिवार का भोपाल से पुराना जुड़ाव रहा है। अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और अभिषेक बच्चन कई अवसरों पर पारिवारिक कारणों से भोपाल आते रहे हैं।



