Blog

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर पीएम मोदी का संदेश, बोले- उनके बिना अखंड भारत की कल्पना संभव नहीं

केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री ने दिलाई एकता की शपथ, नक्सलवाद और देश को अस्थिर करने वाली ताकतों पर भी साधा निशाना

केवड़िया ( शिखर दर्शन ) // देश के पहले गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्हें अखंड भारत का निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने एक मजबूत, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके योगदान के बिना आज के एकीकृत भारत की कल्पना करना संभव नहीं होता।

देश को अस्थिर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के भीतर और बाहर कुछ ताकतें देश को अस्थिर करने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी छवि खराब करने के उद्देश्य से अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने ऐसी ताकतों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता जताई। प्रधानमंत्री ने कथित ‘अर्बन नक्सलियों’ की पहचान कर उन्हें बेनकाब करने की बात भी कही।

नक्सलवाद पर बोले प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में सरकार के प्रयासों के चलते नक्सलवाद देश में अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। उन्होंने नक्सलवाद के विरुद्ध जारी कार्रवाई को देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता से जोड़ते हुए कहा कि हिंसा और अराजकता फैलाने वाली ताकतों के लिए देश में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

एकता ही राष्ट्र की शक्ति

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि गणतंत्र शासन व्यवस्था को जनता के प्रति जवाबदेह बनाता है, जबकि राष्ट्रीय एकता देश को एक राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं में भी एकता की भावना दिखाई देती है।

प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि इस बार राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन परंपरागत सुबह के समय के बजाय शाम को किया गया है। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित यह समारोह देश की एकता, अखंडता और विविधता में एकता के संकल्प को दोहराने का अवसर बना।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!