Blog

गांधी चौक से नेहरू चौक तक भाजपा की पदयात्रा, अमर अग्रवाल ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

आपातकाल का हवाला देकर पूर्व मंत्री ने कहा—लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात पहुंचाने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान के तहत शनिवार को बिलासपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। गांधी चौक मिनी स्टेडियम से शुरू होकर नेहरू चौक तक पहुंची इस पदयात्रा में नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल लागू कर लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात पहुंचाने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। कांग्रेस की मौजूदा राजनीति पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत उस पर पूरी तरह सटीक बैठती है।

आपातकाल को बताया लोकतंत्र पर सबसे बड़ा आघात

पदयात्रा के दौरान अमर अग्रवाल ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने आपातकाल लागू कर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को गंभीर चोट पहुंचाई थी। सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने वाली कांग्रेस आज विपक्ष में रहकर लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी कार्यशैली और राजनीतिक आचरण से लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

नक्सलवाद के खात्मे को भाजपा सरकार की उपलब्धि बताया

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्र लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे, जहां भय और असुरक्षा का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट रणनीति तथा केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई हुई है।

उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और निर्धारित समय-सीमा में इसके खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता हासिल की गई है।

विपक्षी दलों पर अराजकता फैलाने का आरोप

अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके मंसूबों को समझ चुकी है। इसी राजनीतिक हताशा में विपक्ष के कई दल एकजुट होकर देशभर में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को बाधित करने और देश की विकास यात्रा में रुकावट डालने वाली राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसका अंतिम निर्णय मताधिकार के माध्यम से सामने आता है।

केंद्रीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित कई नेता हुए शामिल

पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह और सुशांत शुक्ला सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी पदयात्रा में शामिल रहे। गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकली इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपा नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और कांग्रेस की राजनीति के विरोध में अपनी बात रखी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!