Blog

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, मुख्यमंत्री साय ने दिया कंधा

पैतृक गांव भेण्ड्रा में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, निधन के सम्मान में बालोद का जिला स्तरीय राज्योत्सव सादगी से मनाया जाएगा

बालोद ( शिखर दर्शन ) // अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत विधायक की पार्थिव देह को कंधा देकर अंतिम विदाई दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति

मुख्यमंत्री साय ने विधायक कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय जाना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें सुलझा हुआ, परिपक्व, मिलनसार और मृदुभाषी जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वे हमेशा अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थे। शिक्षक से विधायक तक का उनका सफर जनसेवा के प्रति उनके समर्पण का परिचायक है।

उपचार के दौरान लगातार होती रही थी बातचीत

मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए बताया कि उपचार के दौरान उनकी विधायक कोर्सेवाड़ा से लगातार बातचीत होती रही थी। उन्हें कहीं से भी ऐसा नहीं लगा था कि वे हैदराबाद से स्वस्थ होकर वापस नहीं लौट पाएंगे। निधन से एक दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी हैदराबाद जाकर उनसे मिले थे और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी भी चिकित्सकों से बातचीत कराई गई थी। सभी उपचार में हरसंभव प्रयास कर रहे थे और स्वयं कोर्सेवाड़ा ने भी स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद जताई थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सहज और सरल व्यक्तित्व तथा जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।

रायपुर से भेण्ड्रा तक दी गई श्रद्धांजलि

78 वर्षीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर विमान से रायपुर लाया गया। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पार्थिव देह भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंची, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। बाद में पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल और भोजराज नाग, विधायक पुन्नूलाल मोहले, ईश्वर साहू और ललित चन्द्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वरिष्ठ अधिकारी, सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी उन्हें अंतिम विदाई दी।

दिवंगत विधायक के सम्मान में सादगी से होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव

विधायक कोर्सेवाड़ा के निधन पर सम्मान व्यक्त करते हुए बालोद जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह सादगी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत समारोह में प्रस्तावित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। अब आयोजन में केवल शासकीय योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!