बिलासपुर संभाग

बिलासपुर में 2 नवंबर को सजेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, 40 स्टॉलों में दिखेगी विकास की तस्वीर; अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि

पुलिस परेड मैदान में शाम 4 बजे से शुरू होगा समारोह, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी; स्कूली बच्चों से लेकर नामचीन कलाकारों तक की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर न्यायधानी बिलासपुर में भी संस्कृति, कला और विकास का भव्य संगम देखने को मिलेगा। जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन 2 नवंबर को पुलिस परेड मैदान में किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन में विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए करीब 40 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही दिनभर सांस्कृतिक गतिविधियां और रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पुलिस परेड मैदान पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और समारोह की गरिमा के अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय प्रदर्शनी केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था भी की जाए।

उन्होंने स्टॉलों में जीवंत मॉडल और सरल एवं आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया, ताकि आम नागरिक सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आसानी से समझ सकें। प्रत्येक स्टॉल पर विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति और प्रचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

जिला स्तरीय समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव शामिल होंगे। इनके अलावा महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह और नगर निगम सभापति विनोद सोनी भी उपस्थित रहेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम

राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 2 नवंबर को शाम 4 बजे स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों और डीपीएस बैंड से होगी। इसके बाद आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति और साइबर साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एकॉर्डियन वादन के साथ राधिका शर्मा की कथक प्रस्तुति भी दर्शकों को आकर्षित करेगी। इसके अलावा तनिष्क वर्मा, कनक साहू और मयांशी खंडेलवाल अपनी गायन प्रस्तुतियां देंगे।

शाम 7 बजे से 7.30 बजे तक मुख्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद तरंग बैंड, वंदिता साहू एंड ग्रुप की सामूहिक प्रस्तुति और अंत में अनुराग शर्मा एंड ग्रुप की प्रस्तुति होगी।

आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, सांस्कृतिक मंच, दर्शकों की बैठक व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग और फूड जोन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम आवागमन और उचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, प्राथमिक उपचार और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए। विद्युत उपकरणों और अस्थायी संरचनाओं की सुरक्षा जांच कराने के साथ सभी विभागों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारियां पूरी करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!