बिलासपुर संभाग

कोरबा के जघन्य तिहरे हत्याकांड की विवेचना करने वाले एएसपी योगेश साहू को मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक

24 घंटे में छह आरोपियों की गिरफ्तारी, 24 दिन में न्यायालय में चालान पेश; पांच दोषियों को मिल चुकी है फांसी की सजा

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। वर्ष 2021 में कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सामूहिक दुष्कर्म और तिहरे हत्याकांड की उत्कृष्ट विवेचना करने वाले तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) योगेश कुमार साहू को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए चयनित किया गया है। वर्तमान में उत्तर बस्तर कांकेर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ योगेश साहू को यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट अनुसंधान क्षमता, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पुलिसिंग के लिए प्रदान किया जाएगा।

24 घंटे में गिरफ्तार किए गए थे सभी छह आरोपी

लेमरू थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में अपराध क्रमांक 06/2021 के तहत पहाड़ी कोरवा जनजाति के एक परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या का मामला सामने आया था। मृतकों में परिवार के पिता, उनकी नाबालिग पुत्री और नातिन शामिल थीं। इस जघन्य वारदात में सामूहिक दुष्कर्म का अपराध भी सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन सीएसपी योगेश कुमार साहू को विवेचना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

उन्होंने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य जुटाने और गहन अनुसंधान के जरिए केवल 24 दिनों में न्यायालय के समक्ष आरोप पत्र प्रस्तुत कर दिया गया। इस विवेचना में तत्कालीन कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा और निरीक्षक एसएस पटेल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पांच दोषियों को सुनाई गई मृत्युदंड की सजा

मामले में आरोपियों के विरुद्ध हत्या, सामूहिक दुष्कर्म और आपराधिक षड्यंत्र सहित भारतीय दंड विधान, पॉक्सो अधिनियम तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी।

प्रकरण की सुनवाई पूरी होने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश, एफटीएससी (पॉक्सो), कोरबा ने 15 जनवरी 2025 को फैसला सुनाते हुए पांच दोषियों को मृत्युदंड तथा एक अन्य दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इस मामले में मजबूत साक्ष्यों के संकलन और प्रभावी विवेचना ने न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

31 अक्टूबर को घोषित होता है दक्षता पदक

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक की घोषणा की जाती है। यह सम्मान पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑपरेशन, अनुसंधान, खुफिया सेवा तथा फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

वर्ष 2026 में अन्वेषण में उत्कृष्टता के लिए योगेश कुमार साहू का चयन छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ ही कोरबा और कांकेर पुलिस के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस परिवार ने बधाई देते हुए इसे निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण पुलिस अनुसंधान की दिशा में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!