Blog

पटवारियों से हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील, डिप्टी सीएम अरुण साव बोले- सरकार मांगों पर करेगी विचार

पीवी ऐप के विरोध में जारी है अनिश्चितकालीन आंदोलन, फसल नुकसान का कराया जाएगा सर्वे; कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन और राज्योत्सव को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने साधा निशाना

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में पीवी ऐप के विरोध में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इस बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पटवारियों से आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन के माध्यम से अपनी बात रखना कर्मचारियों का अधिकार है, लेकिन उन्हें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि वे जनता की सेवा के लिए नियुक्त हैं। सरकार पटवारियों की मांगों पर विचार करेगी, इसलिए उन्हें जनहित को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

पटवारियों की मांगों पर विचार करेगी सरकार

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करना स्वाभाविक है, लेकिन इसके कारण आम जनता का काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। कर्मचारी जनता की सेवा के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने पटवारियों से अपील की कि वे हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटें और आम लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मांगों पर विचार करेगी।

चक्रवाती तूफान से फसल नुकसान का होगा सर्वे

चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से प्रदेश में किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए सरकार सर्वे कराएगी। जिन किसानों ने निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत फसल नुकसान की जानकारी दी है, उनके खेतों में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है और मुख्यमंत्री के निर्देश पर सर्वे की प्रक्रिया कराई जा रही है।

दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन पर उपमुख्यमंत्री का निशाना

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर अरुण साव ने विपक्षी दल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसे आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस जिन मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है, उनका आम जनता के हितों से सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश में अराजकता एवं अस्थिरता का माहौल बनाने की राजनीति कर रहे हैं।

राज्योत्सव छोड़ दिल्ली में प्रदर्शन करने पर कांग्रेस को घेरा

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के आयोजन के बीच कांग्रेस के दिल्ली में प्रदर्शन करने को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राज्योत्सव का आयोजन हो रहा है, लेकिन कांग्रेस यहां मौजूद रहने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का राज्य और देश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है तथा वह अनावश्यक मुद्दों पर आंदोलन कर रही है। साव ने कहा कि जनता सब देख और समझ रही है।

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार

राज्योत्सव 2026 के आयोजन में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं होने के कांग्रेस के आरोपों पर भी उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान के मुद्दे पर सरकार से प्रमाण लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्योत्सव छोड़कर दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेता किस मुंह से छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान की बात कर रहे हैं। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ महतारी और छत्तीसगढ़ियावाद के नाम पर प्रदेश को अपमानित करने और लूटने का काम किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!