रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री साय आज दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को देंगे श्रद्धांजलि, 5 नवंबर को होगी भाजपा की रैली; पढ़ें छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरें

स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 संविदा पदों के लिए भर्ती परीक्षा आज से शुरू, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सेमीफाइनल मुकाबलों में आज दिखेगा रोमांच

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज यानी 31 अक्टूबर को कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दिवंगत अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देने उनके पैतृक गांव पहुंचेंगे। वहीं, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 1812 संविदा पदों के लिए भर्ती परीक्षा की शुरुआत होगी। दूसरी ओर, विधायक के निधन के चलते भाजपा ने राजधानी रायपुर में प्रस्तावित अपनी रैली स्थगित कर दी है। खेल जगत में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर भी उत्साह बना हुआ है। आइए जानते हैं प्रदेश की आज की प्रमुख खबरें।

मुख्यमंत्री साय आज दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को देंगे श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बालोद जिले के ग्राम मचांद पहुंचकर दिवंगत अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1:10 बजे रायपुर से बालोद के लिए रवाना होंगे और 1:30 बजे ग्राम मचांद (भाठा) हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1:40 बजे से 3:30 बजे तक ग्राम भेण्ड्रा में रहेंगे। यहां दिवंगत विधायक के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे। उनके शाम 4:15 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।

दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का आज होगा अंतिम संस्कार

अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर आज सुबह 8:30 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेगा। यहां से सुबह 10:15 बजे पार्थिव देह भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास ले जाई जाएगी, जहां आमजन अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद दुर्ग के जवाहर नगर में भी अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रखा गया है। दोपहर 1 बजे पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा (गुंडरदेही) पहुंचेगा। यहां दोपहर 2 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 संविदा पदों के लिए भर्ती परीक्षा आज से

प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में रिक्त 1812 पदों पर संविदा भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आज 31 अक्टूबर से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 4 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक निर्धारित है।

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

विधायक के निधन के चलते भाजपा की रैली स्थगित, अब 5 नवंबर को होगा आयोजन

प्रदेश भाजपा संगठन ने कांग्रेस के खिलाफ लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है। शनिवार को राजधानी रायपुर में प्रस्तावित इस रैली को अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के कारण स्थगित कर दिया गया है। अब इसका आयोजन 5 नवंबर को किया जाएगा।

रायपुर में रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन विधायक के निधन की सूचना मिलने के बाद प्रदेश भाजपा संगठन ने कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया। पार्टी की ओर से अब नई निर्धारित तिथि पर रैली आयोजित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: आज होंगे सेमीफाइनल मुकाबले, न्यायधानी और संस्कारधानी के बीच पहला मैच

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर रोमांच बढ़ गया है। बैलाडिला बुल्स ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए चक्रधर चैंपियंस को 6-2 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस परिणाम के साथ संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली।

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे टॉप क्वालीफायर न्यायधानी नाइट्स का मुकाबला संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल शाम 7:30 बजे बैलाडिला बुल्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच खेला जाएगा। दोनों मुकाबलों के परिणाम से टूर्नामेंट के फाइनल की तस्वीर साफ होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!