रायपुर संभाग

तीन साल बाद फिर साथ दिखे अमलेश नागेश-मन कुरैशी, ‘तोर मयारु मोर मयारु’ में हंसी, इश्क और भावनाओं का तड़का , ट्रेलर हुआ लॉच !

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार अमलेश नागेश और मन कुरैशी की चर्चित जोड़ी करीब तीन साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले तैयार की गई फिल्म ‘तोर मयारु मोर मयारु’ में दोनों कलाकार अलग-अलग लेकिन दिलचस्प अंदाज में दिखाई देंगे। अमलेश नागेश फिल्म में आधुनिक सोच रखने वाले यूट्यूबर माही का किरदार निभा रहे हैं, जबकि मन कुरैशी भावुक और दर्शकों का दिल जीतने वाले बैंड मास्टर महिंदर की भूमिका में नजर आएंगे।

रायपुर में हुआ फिल्म के ट्रेलर का विमोचन

फिल्म के ट्रेलर का विमोचन 22 अगस्त को रायपुर के एक सितारा होटल में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन के साथ सतीश जैन, मनोज वर्मा, संतोष जैन, योगेश अग्रवाल, मोहन सुंदरानी, लखी सुंदरानी, अनुमोद राजवैद्य, अनुपम वर्मा, अनिरुद्ध दुबे और पवन सिंह सहित फिल्म जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।

फिल्म के निर्माता प्रणय गर्ग और सह-निर्माता निशेष त्रिपाठी हैं। निर्देशन राहुल प्रताप सिंह ने किया है, जबकि फिल्म को चर्चित फिल्म निर्माता मनीष मानिकपुरी प्रस्तुत कर रहे हैं।

कहानी में गांव की सादगी और शहर की आधुनिकता

‘तोर मयारु मोर मयारु’ में ग्रामीण परिवेश की सादगी के साथ आधुनिक दौर की जीवनशैली को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। फिल्म में सोशल मीडिया के प्रति नई पीढ़ी के बढ़ते आकर्षण को मनोरंजन के अंदाज में दिखाया गया है। कहानी में रोमांस, हास्य और भावनात्मक प्रसंगों के साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पुरानी परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।

फिल्म की कहानी चार प्रमुख किरदारों अमलेश, मन, इशिका और काजल के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। नायिका इशिका यादव चुलबुली गांव की लड़की की भूमिका में हैं, जबकि काजल सोनबेर शहर की स्मार्ट युवती गायत्री के किरदार में दिखाई देंगी।

कई दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में

फिल्म में संजय महानंद, सतीश जैन, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, रजनीश झांझी, प्रदीप शर्मा, हेमलाल कौशल, अंजलि चौहान और क्रांति दीक्षित जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे फिल्म में हास्य और अभिनय का मजबूत मेल देखने की उम्मीद है।

सात गीतों से सजेगी फिल्म

फिल्म में कुल सात गीत शामिल किए गए हैं। इन्हें अनुराग शर्मा, अल्का चंद्राकर और अनुपमा निश्रा ने अपनी आवाज दी है। फिल्म का संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज खान ने तैयार किया है। लोकगीतों की मिठास के साथ आधुनिक संगीत का मेल फिल्म के आकर्षण को बढ़ाने वाला है।

परिवार के साथ मनोरंजन का दावा

निर्माताओं ने फिल्म को पारिवारिक मनोरंजन के रूप में तैयार किया है। कॉमेडी, रोमांस, भावनाओं, लोक संस्कृति और आधुनिक जीवनशैली को एक साथ पिरोने की कोशिश की गई है। ट्रेलर विमोचन कार्यक्रम का संचालन आरजे नमित ने किया। अमलेश नागेश और मन कुरैशी की तीन साल बाद पर्दे पर वापसी को लेकर छत्तीसगढ़ी सिनेमा के दर्शकों में उत्सुकता बढ़ी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!