रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 और 25 अगस्त को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, अगले कई दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।

रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। बस्तर और सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर बारिश एमसीबी जिले के कोटाडोल में हुई। रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेंटीमीटर, जबकि छुरा और नांगल में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6-6 सेंटीमीटर बारिश हुई।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। रविवार को राजधानी में कई दौर में बारिश हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी।

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इस सिस्टम से जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक प्रभाव डाल रही है।

इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से 24 अगस्त को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

इन जिलों में आज बारिश और बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया सहित कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना है।

वहीं रायपुर, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, जशपुर और बलरामपुर समेत कई अन्य जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।

25 अगस्त को भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

इसके बाद भी बारिश का दौर पूरी तरह थमने वाला नहीं है। 26 से 29 अगस्त के बीच भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!