कनहर नदी के तेज बहाव में बहा युवक, एनीकट पार करते समय फिसला पैर; SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू

बलरामपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कनहर नदी के तेज बहाव में एक युवक के बह जाने की घटना सामने आई है। युवक झारखंड के गोदरमाना की ओर से छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज आ रहा था। इसी दौरान लबालब भरे एनीकट को पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा।
एनीकट पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, युवक पानी से भरे एनीकट के रास्ते कनहर नदी को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि युवक करीब 500 मीटर तक नदी के बहाव में बहता हुआ दिखाई दिया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक तेज बहाव में बहता नजर आ रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF
हादसे की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम नदी के आसपास के हिस्सों में उसकी तलाश कर रही है।
मूसलाधार बारिश से उफान पर कनहर नदी
क्षेत्र में लगातार हुई तेज बारिश के कारण कनहर नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी तेज बहाव के साथ बह रही है। पानी का बहाव काफी तेज होने से रेस्क्यू टीम को भी अभियान के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल SDRF की टीम युवक की तलाश में जुटी है। उसकी स्थिति और घटनाक्रम को लेकर रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



