बस्तर संभाग

इंजेक्शन लगने के बाद तीन वर्षीय मासूम की मौत, कथित झोलाछाप डॉक्टर पर मामला दर्ज

बलरामपुर ( शिखर दर्शन ) //

तीन वर्षीय अभिस को था बुखार, इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी तबीयत

बलरामपुर जिले के जामुआतार गांव में तीन वर्षीय मासूम की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। परिजनों का आरोप है कि बुखार से पीड़ित बच्चे को सरनाडीह गांव में इलाज कर रहे भुलेश्वर सिंह ने इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, जामुआतार निवासी तीन वर्षीय अभिस को बुखार था। दवा लेने के बाद भी जब उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे सरनाडीह गांव में इलाज करने वाले भुलेश्वर सिंह के पास लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि भुलेश्वर सिंह के पास चिकित्सकीय योग्यता या पंजीकरण नहीं होने के बावजूद वह लोगों का इलाज करता था।

परिजनों के मुताबिक, बच्चे को देखने के बाद भुलेश्वर सिंह ने उसे इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिना चिकित्सकीय डिग्री और पंजीकरण के इलाज करने वाले कथित झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!