दिल्ली

पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, कई एक्स हैंडल और न्यूज पोर्टल के खिलाफ एफआईआर दर्ज

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘कॉकरोच प्रोटेस्ट’ से जुड़े वीडियो और पोस्ट को लेकर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले में कई एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल, कुछ न्यूज पोर्टल और अन्य सोशल मीडिया खातों को नोटिस जारी कर जानकारी मांगी गई है।

पुलिस के अनुसार, ‘कॉकरोच प्रोटेस्ट’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया था। इसके वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर साझा किए गए। शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बीएनएस की धारा 351(3), 353(2) और 356(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटाने के निर्देश

दिल्ली पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया मंचों से विवादित वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। साथ ही यह भी जानकारी मांगी गई है कि संबंधित सामग्री किस खाते से अपलोड की गई और उसका मूल स्रोत क्या है। पुलिस पूरे मामले की तकनीकी और कानूनी जांच कर रही है।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम रख रही नजर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम लगातार विभिन्न डिजिटल मंचों पर आपत्तिजनक और कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री पर नजर रख रही है। ऐसे मामलों में संबंधित मंचों को नोटिस जारी कर सामग्री हटाने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाते हैं। अधिकारियों के अनुसार, नोटिस जारी होने के बाद प्रधानमंत्री से जुड़े कई आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो पहले ही हटाए जा चुके हैं।

मेटा के अधिकारी भी तलब

इस मामले से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 23 जुलाई को साझा की गई एक सेल्फी वीडियो कुछ समय के लिए हटाए जाने के प्रकरण में भी केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया था। मेटा ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए माफी मांगी थी, लेकिन सरकार ने उसके स्पष्टीकरण को पर्याप्त नहीं माना। इसके बाद मेटा के अधिकारी को तलब कर विस्तृत जानकारी मांगी गई है। सरकार का कहना है कि मामले की पूरी तथ्यात्मक जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!