पत्नी और चचेरे भाई ने मिलकर की पति की हत्या: घरेलू विवाद के बाद पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

कबीरधाम पुलिस ने चर्चित हत्याकांड का किया खुलासा, पत्नी समेत दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, पत्थर और कपड़े जब्त
कबीरधाम ( शिखर दर्शन ) // कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद और शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद दोनों ने मिलकर महेश साहू की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सड़क किनारे मिला था खून से लथपथ शव
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह लोहारा के बानो रोड स्थित एक दुकान के पास महेश साहू का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल से खून से सना पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम की सहायता से जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया।
पूछताछ में पत्नी ने कबूला हत्या का राज
जांच के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 25 जुलाई की रात वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से पति के पास पहुंची थी। शराब के नशे में पति से विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने मिलकर उसे पकड़ लिया और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंककर हुए फरार
वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सड़क किनारे छोड़ दिया और स्कूटी से गांव लौट गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर, स्कूटी, आरोपियों के पहने हुए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।
दोनों आरोपी भेजे गए न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
घरेलू विवाद में कानून हाथ में न लेने की अपील
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू विवाद, नशे की समस्या या पारिवारिक तनाव जैसी परिस्थितियों में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय संवाद, परामर्श और कानूनी सहायता का सहारा लें। पुलिस ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेना गंभीर अपराध है, जिसके कठोर कानूनी परिणाम होते हैं।
