दिल्ली

सुरक्षाकर्मी से हथियार छीनने की कोशिश , ऑटो चालक ढेर, SOG के 4 जवान घायल, इंटरनेट सेवा बंद

जम्मू-कश्मीर ( शिखर दर्शन ) // जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र में देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मी से सर्विस राइफल छीनने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई झड़प में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। घटना में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) के चार जवान भी घायल हुए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर मोबाइल इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

सुरक्षाकर्मी से हथियार छीनने का आरोप

पुलिस के मुताबिक एसओजी की टीम भद्रवाह शहर से लगभग 35 किलोमीटर दूर जाई-गंडोह मार्ग पर संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर घात लगाकर तैनात थी। रात करीब ढाई बजे टीम ने एक युवक को रोककर पूछताछ की। इसी दौरान युवक ने कथित रूप से एक जवान की सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच संघर्ष शुरू हो गया।

फायरिंग में युवक की मौत, चार जवान घायल

झड़प के दौरान एक जवान ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हाथापाई में एसओजी के चार जवान भी घायल हुए। सभी घायलों को पहले उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज डोडा रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान आरिफ हुसैन, पेशे से ऑटो चालक, के रूप में हुई है।

धार्मिक प्रचारक हिरासत में

घटना के बाद पुलिस ने एक धार्मिक प्रचारक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका इस घटना से क्या संबंध है, इसकी जांच अभी जारी है और फिलहाल कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

इंटरनेट सेवा बंद, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद भद्रवाह और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीआरपीएफ और पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। अफवाहों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मोबाइल इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!